- डा॰ वसीम अख़्तर
“कौन हो? घर कहां है? पिताजी क्या करते हैं? क्या अपनी मां से पूछ कर आई हो?”
वो एक-एक करके सभी सवालों के जवाब देती है। “मेरा नाम काजल शर्मा है। पिता जी का नाम मन्टी शर्मा है। घर ठोड़ा पर है। पिताजी गाड़ी चलाते हैं।“
आखिरी सवाल “क्या तुम अपनी मां से पूछ कर आई हो?” का जवाब “मेरी मां नहीं है।” होता है।
मैं फौरन ही कुर्सी से उठ खड़ा होता हूं। उसे अंदर आकर सोफा पर बैठने को कहता हूं। बहुत ही सहजता से वो लड़की जिसका नाम काजल है, अंदर आकर सोफा पर बैठ जाती है। मैं लैपटाॅप पर अपना काम अधूरा छोड़कर उससे बात करता हूं।
पूछने पर काजल बताती है कि वो कस्बा के एक मदरसा में कक्षा 7 में पढ़ती है। मैं सोच में पड़ जाता हूं कि कहां ठोड़ा कस्बा के बिल्कुल पूरब में है और मदरसा कस्बा के बिल्कुल पश्चिम में स्थित है। दूसरे यह कि मदरसा सिर्फ मुस्लिम अल्पसंख्यक बच्चों के शिक्षा के केन्द्र के रूप में विख्यात हैं। जबकि काजल शर्मा का संबंध समाज के उस वर्ग से है जो संवैधानिक शब्दावली में अल्पसंख्यक नहीं है।
काजल पिछले दिन वाली दोनों लड़कियों की तरह दरवाज़ा खटखटा कर “ए भइया दे द” वाली लड़की नहीं थी। बेशक उसने बीस रूपए मांगा। कमाने या खाने के लिए नहीं। एक अदद काॅपी (नोट बुक) के लिए। मांगना-खाना दर असल कमाना और घर चलाना से जुड़ी अभिवृत्ति है।
मैं इस नतीजे पर पहुंच चुका होता हूं कि काजल आम तौर पर मांगने का काम नहीं करती है। जैसा कि बहुत सारी लड़कियां करती हैं। मैं इस बात से वाकिफ होता हूं कि शर्मा उपनाम ब्राम्ह्ण का होता है और बढ़ई/लोहार व नाई का भी होता है। काजल से बात करते वक्त मन में यह विचार आता ही नहीं कि काजल का संबंध ब्राम्ह्ण शर्मा परिवार से है या बढ़ई/लोहार शर्मा परिवार से है या फिर नाई शर्मा परिवार से है। दर असल एक काॅपी के लिए बीस रूपए की मांग करने वाली लड़की की पहचान शर्मा उपनाम के तीन पहचानों ब्राम्ह्ण, बढ़ई/लोहार और नाई से बड़ा और महत्वपूर्ण प्रतीत हुआ। लेहाजा मैं काजल की सामाजिक और आर्थिक परिस्थिति अनभिज्ञ भी नहीं रहा। ऐसा विश्वास कि काजल का संबंध समाज के उस अभिवंचित वर्ग से है जिनकी बेहतरी के लिए सरकारों का गठन होता है, योजनाएं बनाई जाती हैं और योजनाओं का क्रियान्वयन होता है। ताकि काजल जैसी बेटियों को शैक्षिक, सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लेकिन मात्र बीस रूपए की काॅपी के लिए एक बेटी का यहां-वहां भटकना हज़ारों-लाखों बेटियों तक योजनाओं की पहुंच पर सवालिया निशान बन जाता है। और हम सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि ऐसा क्या है कि आज़ाद भारत में एक बेटी एक अदद काॅपी खरीदने की आज़ादी के एहसास से वंचित क्यों है?
बहरहाल, काजल का उदास चेहरा और आंखे देर तक देखना मुश्किल होता है। फिर भी पूछता हूं कि उसे एक काॅपी के लिए इतनी दूर क्यों आना पड़ा।
काजल बताती है कि “मांगत-मांगत अइली हं। कोई ना देहलस। (मांगते-मांगते आई हूं। कोई नहीं दिया है।)” ज़ाहिर है, जो लोग विभिन्न पर्वों पर पर्ची कटाकर चंदा देने और चंदा देने का फोटो संभालकर रखते हैं, उनकी नज़र ऐसी बेटियों पर पड़ती क्यों नहीं हैं? मैं अक्सर देखता हूं कि देने का काम कमोबेश हर दुकानदार और गांव-मुहल्ला का व्यक्ति करता है। विशेष बाज़ार वाले दिन तो देने के लिए अलग से पात्र में फुटकर (एक-दो के खुले सिक्के) पैसे रखते हैं। इसके पीछे परंपरागत सोच होती है पुण्य कमाने की। वो भी चन्द सिक्कों में। जब गरीब मांगने वाला एक-दो रूपए के सिक्के के एवज में यह कहता हुआ आगे बढ़ता है कि “भगवान भला करे” या “बाल-बच्चे फले-फूलें” या “रोजी-रोजगार में बरकत हो” तो देने वाले को यह अवश्य लगता होगा कि उसने पुण्य का काम किया है। जाहिर है जब एक-दो के सिक्के में ही मांगने वाला दुवाओं का बड़ा-बड़ा टोकरा देने वाले के सर पर रख कर खुशी-खुशी आगे बढ़ जाता है। तो फिर काजल जैसी बेटियों को एक अदद काॅपी के लिए 10 लोग मिलकर भी 20 रूपए क्यों दें? काजल जैसी बेटियां तो दुआ देने का हुनर भी नहीं जानती हैं। और क्या पता! देने वाला बच्चियों की दुवाओं में विश्वास ही नहीं रखता हो। वो भी शिक्षा से जुड़े कार्य के लिए।
मैं अविलम्ब अपनी बेटी माहिरा को बुलाता हूं। ये खयाल कि काजल को कोई पुरानी काॅपी दे दूं। लेकिन मैं ऐसा नही करता। माहिरा को अज़ीज़ की दुकान से बीस रूपए मूल्य की एक काॅपी लाने के लिए भेजता हूं। माहिरा काॅपी ले आती है। काजल को काॅपी देते हुए एक फोटो और फिर काजल वापस जाने को होती है। वो काॅपी को दोनों हाथों से अपने सीने से लगाकर रखती है। मैं उसे वापस जाते देखता हूं। इस बार मेरी नज़रें उसके पैरों पर टिक जाती हैं। काजल के पैर में चप्पल नहीं होते हैं। वो नंगे पैर तेज कदमों से वापस जा रही होती है। मैं अपने दरवाज़े पर इधर-उधर देखता हूं कि कहीं वो अपना चप्पल पहनना भूल तो नहीं गई। लेकिन उसके पैर की साइज का कोई चप्पल मौजूद नहीं होता है। विचार कि जिस तरह से काजल को आज काॅपी उपलब्ध करवाया, उसी तरह से उसके लिए चप्पल भी उपलब्ध करवा देता। लेकिन काजल तो जा चुकी होती है। जाने से पहले काजल के लिए मंगाई गई नयी काॅपी पर उसका नाम लिखता हूं और उसके संज्ञान में यह बात लाता हूं कि यह काॅपी मेरी ओर सेे नहीं बल्कि शिक्षा के लिए प्रयासरत्त टीम तालीमी बेदारी की ओर से उपलब्ध कराया गया है।
सुबह और शाम का समय महिलाओं के लिए खास होता है। इसलिए कि उन्हें रसोई में भोजन बनाने का काम करना होता है। कक्षा 7 में पढ़ने वाली मदरसा छात्रा काजल को अपने घर का खाना भी बनाना था। क्योंकि उसकी मां इस दुनिया में नहीं है। इसलिए मैं उसे जल्द ही विदा कर दिया था। इस गुज़ारिश के साथ कि वो अगले दिन शाम 4 बजे के आस-पास फिर से आएगी। इस उम्मीद में कि काजल जैसी बेटियों की मदद का दायरा कुछ और बढ़ सके। इसलिए कि काजल जैसी बेटियों की पढ़ाई-लिखाई की ज़रूरतों को जाना जा सके। इसलिए कि ऐसी बेटियों की काॅपी-किताब, स्कूल बैग, ड्रेस, जूते-चप्पल से लेकर उनके शैक्षिक मार्गदर्शन आदि बुनियादी ज़रूरतों को पूरा करने में समाज की भूमिकाएं तय हो सकें और ऐसी बेटियों को शिक्षा के अवसरों से वंचित होने से बचाया जा सके।
-----
नोट- यह आलेख जीवंत घटना पर आधारित है। पात्रों के नाम वास्तविक नहीं हैं। फोटो ब्लर कर दिया गया है।

